Politics

प्रचार कमजोर, जागरुकता नदारद: सेवा सेतु कैंप से लोग दूर, पहले दिन सिर्फ 5 आवेदन

October 9, 2026 529 views 1 min read
प्रचार कमजोर, जागरुकता नदारद: सेवा सेतु कैंप से लोग दूर, पहले दिन सिर्फ 5 आवेदन

प्रचार कमजोर, जागरुकता नदारद: सेवा सेतु कैंप से लोग दूर, पहले दिन सिर्फ 5 आवेदन


भास्कर न्यूज | भरतपुर नगर निगम की ओर से शहरी नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही जगह दिलाने के लिए शुरू किया गया ‘जनहित में सेवा सेतु अभियान-2026’ दूसरे दिन भी अपेक्षित असर नहीं दिखा सका। निगम ने 65 वार्डों को महज 9 दिनों में कवर करने का लक्ष्य तय किया है और रोजाना 7 से 8 वार्डों के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं, लेकिन पहले दिन शिविर में काम कराने वाले लोगों की संख्या बेहद कम रही। ठीक इसी तरह के हालात दूसरे दिन दिखाई पड़े। मौके पर दिन में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। इन पर न तो अधिकारी मौजूद थे और न ही काम कराने के लिए आने वाले लोग। कुछ लोग जरूर बैठे दिखाई दिए, लेकिन वे भी अपने आवेदन और फार्म भरने में जुटे थे। अभियान के तहत विभिन्न सेवाओं के लिए पहले दिन 7 अक्टूबर को मिले आवेदनों का आंकड़ा भी कम रहा। नामांतरण के सिर्फ 5 आवेदन आए। नक्शे स्वीकृति के भी 5 आवेदन हुए, जबकि पट्टे की 2 फाइलें और अन्य सेवाओं में एक-एक आवेदन ही आया। .अब इन वार्डों में लगेंगे शिविर 9 अक्टूबर को वार्ड 15 से 21, 10 को 22 से 28, 12 को 29 से 35, 13 को 36 से 42, 14 को 43 से 49, 15 को 50 से 57 और 16 को 58 से 65 तक शिविर लगेंगे। पहले दिन बुधवार की स्थिति में नामांतरण के 5, नक्शे स्वीकृति के 5, पट्टे की 2 फाइलें, सब-डिविजन का 1, बिल्डिंग स्वीकृति का 1, भू-उपयोग परिवर्तन का 1 और फ्री-होल्ड पट्टे का 1 आवेदन सामने आया। यानी जिन सेवाओं के बड़े स्तर पर निस्तारण का दावा किया गया था, उनमें पहले दिन आवेदनों की संख्या सीमित रही। निगम के दावे फल:- निगम ने अभियान के तहत पट्टे, निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेंशन, पीएम आवास, यूडी टैक्स और सीवर कनेक्शन सहित कई सेवाओं का निस्तारण एक ही छत के नीचे करने का दावा किया है। इसके बावजूद पहले दिन की दूसरे दिन गुरुवार को भी शिविर में लोगों की कम मौजूदगी से प्रचार-प्रसार और नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जन्म-मृत्यु काउंटर पर सामान्य भीड़, अभियान के कामों में सन्नाटा:- शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र के काउंटर पर सामान्य दिनों की तरह लोगों की भीड़ दिखाई दी। इसके मुकाबले अभियान के तहत अन्य काम कराने के लिए आने वाले लोगों की संख्या काफी कम रही। इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि निगम के नियमित कामों के लिए तो लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन अभियान के जरिए उपलब्ध कराई जा रही अतिरिक्त सेवाओं की जानकारी लोगों तक पर्याप्त रूप से नहीं पहुंची। ई-मित्र और स्मार्ट सेवा केंद्र से आवेदन की सुविधा:- अभियान में आवेदन की प्रक्रिया ई-मित्र अथवा निगम परिसर स्थित ‘स्मार्ट सेवा केंद्र 2.0’ के माध्यम से ऑनलाइन पूरी करने की सुविधा दी गई है। शिविर प्रभारी निगम की राजस्व अधिकारी (द्वितीय) सोनम यादव हैं। शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।