Politics

कांवरियों की सावन माह में सेवा करना प्रत्यक्ष रूप से भगवान शिव की सेवा के समान: मेयर

July 31, 2026 2,833 views 1 min read
कांवरियों की सावन माह में सेवा करना प्रत्यक्ष रूप से भगवान शिव की सेवा के समान: मेयर

कांवरियों की सावन माह में सेवा करना प्रत्यक्ष रूप से भगवान शिव की सेवा के समान: मेयर


भास्कर न्यूज | पूर्णिया कांवरियों की सेवा करना प्रत्यक्ष रूप से भगवान शिव की सेवा के समान है। ये बातें गुरूवार को जीरोमाइल स्थित गुलाबबाग संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में महापौर विभा कुमारी ने कांवरिया सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन करते लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में सावन माह का विशेष महत्व है और नर सेवा ही नारायण सेवा है। संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में पिछले एक दशक से अधिक समय से पूरे श्रावण माह के दौरान कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई, जिसके बाद महापौर विभा कुमारी और जितेंद्र यादव ने हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शिविर के उद्घाटन अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बालेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष देवेंद्र चोपड़ा, जितेंद्र यादव और मंदिर के पुजारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख समाजसेवी जितेंद्र यादव ने कहा कि दूर-दूर से पैदल यात्रा कर आने वाले शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शिविर के माध्यम से हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा से आध्यात्मिक संतुष्टि मिलती है और समाज में सद्भाव बढ़ता है। शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवरिया को अपने परिवार के सदस्य की तरह सम्मान और सेवा दी जाएगी। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के सदस्य राजू लोहिया, दिलीप यादव, प्रेम कुमार राय, रंजीत सिंह, बहादुर यादव, जनार्दन त्रिवेदी, सतीश साह, बबलू चौधरी, रूपेश डुंगरवाल, विक्रम सिंह, पप्पू यादव, कन्हैया रस्तोगी, संजीत महतो, वार्ड पार्षद राकेश राय, अर्जुन सिंह, राजीव रंजन सहाय उर्फ बबलू सहाय और गुलाब हुसैन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।